वायनाड, 17 मई (भाषा) केरल के वायनाड में कांग्रेस कार्यालय और आसपास के इलाकों की दीवारों पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और मल्लिकार्जुन खरगे को निशाना बनाने वाले पोस्टर चिपके हुए मिलने के बाद एक मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
कलपेट्टा थाने के अधिकारियों ने बताया कि विधायक टी. सिद्दीकी की एक शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, पार्टी के इन तीनों नेताओं को निशाना बनाने वाले पोस्टर 13 मई को वायनाड डीसीसी कार्यालय परिसर की दीवार और आसपास के इलाकों में चस्पा किये हुए मिले थे।
ये पोस्टर केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अनिश्चितता के माहौल के बीच चस्पा किये गये थे।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टरों में धमकी भी दी गई थी कि वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा अगले चुनाव में हार जाएंगी। पोस्टर में चेतावनी दी गई थी कि ‘‘वायनाड अगला अमेठी बन जाएगा।’’
पुलिस ने बताया कि बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर हटा दिए।
पुलिस के मुताबिक, मामला भारतीय न्याय संहिता और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली है, जिसमें एक व्यक्ति दीवारों पर पोस्टर चस्पा करते देखा जा सकता है और उसकी पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित