Delhi Weather News | Photo Credit: Ai
नयी दिल्ली: Delhi Weather News राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में एक डिग्री अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यह 26.2 डिग्री सेल्सियस था।
Delhi Weather News अन्य मौसम केंद्रों पर भी अधिकतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पालम में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की तुलना में यह 0.5 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। इसके अलावा, लोधी रोड और रिज में अधिकतम तापमान क्रमशः 41.2 डिग्री सेल्सियस और 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लोधी रोड का तापमान शुक्रवार की तुलना में 1.4 डिग्री अधिक रहा, जबकि रिज का तापमान पिछले दिन के मुकाबले एक डिग्री बढ़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “शनिवार को दिन भर आसमान मुख्य रूप से साफ रहा, जिससे पृथ्वी की सतह तक अधिक गर्मी पहुंची और अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।” आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बीच-बीच में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अधिकारी ने कहा, “सोमवार को भी तेज हवाएं चलने का सिलसिला जारी रह सकता है।” आईएमडी के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 176 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी तंत्र के अनुसार, सप्ताहांत में एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में बना रहेगा, लेकिन सोमवार से इसके ‘खराब’ श्रेणी में पहुंचने की संभावना है।