(फाइल फोटो के साथ)
हैदराबाद, 17 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने पॉक्सो मामले में अपने बेटे भगीरथ की गिरफ्तारी के बाद कहा कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और सच की जीत होगी।
कुमार ने सभी से अनुरोध किया कि इसे ‘‘पारिवारिक मामला’’ समझा जाए और वे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा रखते हुए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।
तेलंगाना उच्च न्यायालय की ओर से गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण देने से इनकार किए जाने के एक दिन बाद शनिवार रात को भगीरथ को गिरफ्तार कर लिया गया।
मजिस्ट्रेट ने बाद में भगीरथ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बेटे की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री ने देर रात ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं अपने हर शुभचिंतक, समर्थक और कार्यकर्ता को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमने कुछ गलत नहीं किया है। हमें कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और सच की जीत होगी।’’
उन्होंने कहा कि पिछले एक हफ्ते में उनका परिवार जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजरा है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस स्थिति ने मेरे पूरे परिवार को प्रभावित किया। मेरी मां को दिल का दौरा पड़ा, जो बेहद पीड़ादायक था।’’
कुमार ने कहा कि लेकिन इस मुश्किल वक्त में देशभर के लाखों लोगों के स्नेह और समर्थन ने उन्हें डटे रहने की ताकत दी।
केंद्रीय मंत्री ने उनके परिवार के साथ खड़े भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हर कार्यकर्ता, नेता, समर्थक, मीडिया और सोशल मीडिया के साथियों का आभार जताया।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘सच में, मुझे एहसास नहीं था कि मैंने इतना स्नेह और विश्वास कमाया है। आपका स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत है।’’
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे भावनाओं में न बहें और तेलंगाना में पार्टी को मजबूत करने के काम में जुटे रहें।
उन्होंने कहा कि वे इस कठिन दौर का साहस, धैर्य और विश्वास के साथ सामना करेंगे।
कुमार ने कहा कि न्याय में देरी हो सकती है, लेकिन न्याय मिलेगा जरूर।
भगीरथ के खिलाफ आठ मई को 17 वर्षीय लड़की की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (अधिनियम) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भगीरथ के उनकी बेटी के साथ संबंध थे और उसने यौन उत्पीड़न किया है।
लड़की का बयान दर्ज करने के बाद पॉक्सो अधिनियम के तहत और भी गंभीर आरोप लगाए गए।
भगीरथ ने भी शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उससे जान-पहचान करने के बाद लड़की उसे पारिवारिक समारोहों और सामूहिक सभाओं में आमंत्रित करती थी। भगीरथ की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि