केरल: चेन्निथला ने ईवीएम हैकिंग के दावों पर यूडीएफ में चर्चा की खबरों को खारिज किया

केरल: चेन्निथला ने ईवीएम हैकिंग के दावों पर यूडीएफ में चर्चा की खबरों को खारिज किया

केरल: चेन्निथला ने ईवीएम हैकिंग के दावों पर यूडीएफ में चर्चा की खबरों को खारिज किया
Modified Date: July 27, 2026 / 01:46 pm IST
Published Date: July 27, 2026 1:46 pm IST

कासरगोड (केरल), 27 जुलाई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मीडिया में आईं उन खबरों को सोमवार को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया कि हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान कासरगोड में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) हैकिंग के आरोपों को लेकर जिला स्तर पर हुई संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की एक बैठक में चर्चा हुई थी।

हालांकि, कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने इस मामले की व्यापक जांच की मांग की है।

चेन्निथला ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यूडीएफ के जिला चेयरमैन ने उन्हें सूचित किया है कि जिला समिति की बैठक के दौरान ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया गया।

मंत्री ने कहा, ‘‘यूडीएफ के जिला चेयरमैन के अनुसार, ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। हो सकता है किसी ने कुछ कहा हो, लेकिन वहां इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई। यह बात मेरे संज्ञान में नहीं आई है।’’

जब पत्रकारों ने ध्यान दिलाया कि कांग्रेस के लोकसभा सदस्य राजमोहन उन्नीथन ने ईवीएम हैकिंग के कथित दावों की व्यापक जांच की मांग की है तो चेन्निथला ने कहा कि यदि औपचारिक शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर सांसद शिकायत देते हैं, तो निश्चित रूप से इसकी जांच कराई जाएगी।’’

इसके तुरंत बाद, संवाददाता सम्मेलन में चेन्निथला के बगल में बैठे उन्नीथन ने इन आरोपों की व्यापक जांच की मांग करते हुए मंत्री को एक लिखित शिकायत सौंपी।

उन्नीथन ने कहा, ‘‘सभी की मौजूदगी में, मैं गृह मंत्री को यह शिकायत सौंप रहा हूं और गहन जांच का अनुरोध कर रहा हूं।’’

उन्होंने कहा कि यदि ईवीएम हैकिंग के आरोप निराधार पाए जाते हैं, तो मीडिया को ऐसी जानकारी देने वालों को दंडित किया जाना चाहिए। हालांकि, अगर दावे सही पाए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास माना जाएगा।

उन्नीथन ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्तर पर कथित ईवीएम हैकिंग के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। इसलिए ऐसे प्रयासों को कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता।’’

शिकायत प्राप्त करते हुए चेन्निथला ने दोहराया कि आरोपों की जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘अब जब शिकायत मिल गई है, तो इसकी जांच जरूर की जाएगी।’’

इससे पहले, उन्नीथन ने हालिया विधानसभा चुनावों के संबंध में कासरगोड जिले में ईवीएम हैकिंग के कथित दावों को ‘‘गंभीर अपराध’’ करार दिया था।

उनकी यह टिप्पणी कासरगोड जिले के कांग्रेस नेता के खिलाफ लगे इन आरोपों की पृष्ठभूमि में आई है कि उन्होंने यूडीएफ के कुछ उम्मीदवारों से यह दावा करते हुए धन उगाही की थी कि उनके पास भाजपा के कथित ईवीएम हैकिंग के प्रयासों को विफल करने और विधानसभा चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने की तकनीक है।

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में