केरलम के मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए नीति के मसौदे की समीक्षा की
केरलम के मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए नीति के मसौदे की समीक्षा की
तिरुवनंतपुरम, 15 सितंबर (भाषा) केरलम में वृद्धों के वास्ते कानूनी सुरक्षा और कल्याणकारी उपायों को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन की अध्यक्षता में मंगलवार को बुजुर्गों हेतु प्रस्तावित नीति और ‘केरलम राज्य वरिष्ठ नागरिक (देखभाल और सुरक्षा) विधेयक, 2026’ की समीक्षा की गई।
यह प्रस्तावित नीति और विधेयक तब आया है जब कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने विधानसभा चुनाव के अपने घोषणापत्र में किए गए एक अहम वादे को पूरा करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अलग विभाग बनाया है।
सतीशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने बुजुर्गों के लिए ‘केरलम नीति’ के मसौदा और ‘केरलम राज्य वरिष्ठ नागरिक (देखभाल और सुरक्षा) विधेयक, 2026’ की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। हम सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए कानूनी सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
केरलम में 19 मई को अपनी सरकार की पहली मंत्रिमंडलीय बैठक के बाद सतीशन ने कहा था, ‘‘हमारा मानना है कि कोई समाज बुजुर्गों का कितना सम्मान करता है, इस से पता चलता है कि वह समाज सभ्य है या नहीं।’’
सतीशन ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि सरकार बुज़ुर्गों को अकेला महसूस नहीं होने देगी।
भाषा
मनीषा वैभव
वैभव राजकुमार
राजकुमार

Facebook


