केरल कांग्रेस (मणि) ने चुनावी हार के बाद संकट से किया इनकार, जोसेफ गुट के साथ विलय से किया इनकार
केरल कांग्रेस (मणि) ने चुनावी हार के बाद संकट से किया इनकार, जोसेफ गुट के साथ विलय से किया इनकार
तिरुवनंतपुरम, सात मई (भाषा) केरल कांग्रेस (एम) के अध्यक्ष जोस के मणि ने विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी में किसी भी तरह के संकट से बृहस्पतिवार को इनकार किया और केरल कांग्रेस (जे) गुट के साथ विलय की संभावनाओं को खारिज कर दिया।
वह चुनाव परिणाम के मूल्यांकन के लिए यहां वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के घटक दलों की बैठक में हिस्सा लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
एलडीएफ को केवल 35 सीट ही मिल सकीं। एलडीएफ के घटक के तौर पर केरल कांग्रेस (मणि) ने 12 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था लेकिन वह एक भी सीट नहीं जीत पायी।
मणि ने कहा कि एलडीएफ की बैठक में हार पर सामान्य चर्चा हुई और विस्तृत बातचीत बाद में होगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल प्रत्येक दल हार का मूल्यांकन करने के लिए अलग-अलग बैठकें करेगा।
उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी की संचालन समिति की बैठक नौ मई को होगी, जिसमें सभी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। सभी दलों की बैठकें पूरी होने के बाद, एलडीएफ 15 जून के बाद फिर चर्चा करेगी, जिसके दौरान अन्य निर्णय लिए जाएंगे।”
उन्होंने इस बात से इनकार किया कि केरल कांग्रेस (एम) को एक भी विधायक सीट न मिलने के बाद उसकी प्रासंगिकता खत्म हो गई है।
उन्होंने कहा, “जीत और हार तो होती ही रहती हैं। हमें पहले भी हार का सामना करना पड़ा है। केरल कांग्रेस (जोसेफ) ने इससे पहले सिर्फ एक सीट जीती थी। पार्टी समर्थक अपना समर्थन जारी रखेंगे।”
चुनाव में भारी जीत हासिल करने वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा के घटक दल केरल कांग्रेस (जे) के साथ विलय की संभावना को मणि ने पूरी तरह से इनकार किया।
हाल में, केरल कांग्रेस (जे) के नेताओं ने कहा था कि वे मणि गुट के नेताओं का स्वागत करेंगे।
मणि ने कहा, “कुछ महीने पहले, जब वे संकट में थे, मैंने उन्हें मदद की पेशकश की थी। उनका मौजूदा बयान इस धारणा पर आधारित है कि हम संकट में हैं। लेकिन मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि हम किसी संकट में नहीं हैं।’’
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


