केरल की अदालत ने अस्पताल में महिला चिकित्सक की हत्या के आरोपी व्यक्ति को दोषी ठहराया

Ads

केरल की अदालत ने अस्पताल में महिला चिकित्सक की हत्या के आरोपी व्यक्ति को दोषी ठहराया

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 07:28 PM IST

कोल्लम (केरल), 17 मार्च (भाषा) केरल की एक अदालत ने मई 2023 में तालुक अस्पताल में चिकित्सक वंदना दास की सनसनीखेज हत्या के मामले में आरोपी व्यक्ति को मंगलवार को दोषी ठहराया।

लोक अभियोजक सिकिन जी. मुंडक्कल ने बताया कि कोल्लम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी को इस निर्मम हत्या का दोषी पाया। मुंडक्कल ने बताया कि सजा 19 मार्च को सुनाई जाएगी।

आरोपी जी. संदीप को 10 मई 2023 की तड़के पुलिस इलाज के लिए तालुक अस्पताल लेकर आई थी। वहां उसने अपने पैर के घाव की ड्रेसिंग के दौरान कमरे में रखी सर्जिकल कैंची से अचानक हमला कर दिया।

पेशे से स्कूल शिक्षक संदीप ने पहले पुलिसकर्मियों और उसके साथ आए एक निजी व्यक्ति पर हमला किया और इसके बाद चिकित्सक वंदना दास पर हमला कर दिया।

उन्हें कई बार चाकू मारा गया और बाद में उन्हें तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

डॉ. वंदना दास कड्डूथुरूटी की रहने वाली थीं और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं। वह अज़ीज़िया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हाउस सर्जन थीं और प्रशिक्षण के तहत कोट्टाराक्कारा तालुक अस्पताल में कार्यरत थीं।

पुलिस के अनुसार संदीप ने आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी थी कि उसकी जान को खतरा है। जब स्थानीय पुलिस उसे ढूंढकर पहुंची, तो वह अपने घर से 10-15 मीटर दूर खड़ा था, जहां स्थानीय लोग और उसके परिजन मौजूद थे, और उसके पैर में कथित झगड़े के दौरान चोट लगी थी।

इसके बाद उसे उसी चोट की ड्रेसिंग के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

भाषा राखी रंजन

रंजन