केरलम: रिश्वत के आरोपों पर आबकारी अधिकारियों ने उपायुक्त के घर की तलाशी ली
केरलम: रिश्वत के आरोपों पर आबकारी अधिकारियों ने उपायुक्त के घर की तलाशी ली
कोट्टायम (केरलम), 29 अगस्त (भाषा) बार मालिकों से रिश्वत लेने के आरोपों की जांच के तहत कोट्टायम के आबकारी उपायुक्त और दो अन्य अधिकारियों के आवासों पर तलाशी ली गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, आबकारी आयुक्त श्रीराम संबाशिव राव की अगुवाई वाली टीम ने विभाग की सतर्कता शाखा के साथ मिलकर शुक्रवार रात चंगनासेरी में एक बार की तलाशी ली और बाद में उपायुक्त अशोक कुमार, एक आबकारी निरीक्षक और विभाग के एक अन्य अधिकारी के घरों की तलाशी ली।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, राव को जानकारी मिली थी कि कुमार कथित तौर पर कोट्टायम जिले के बार से अवैध रूप से रकम ले रहे थे।
जानकारी के आधार पर, तलाशी से पहले एक गुप्त जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि चंगनासेरी बार में तलाशी के दौरान जांचकर्ताओं ने जांच के हिस्से के तौर पर सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और बैंक खाते की जानकारी की जांच की। बाद में टीम ने कुमार और दो अन्य अधिकारियों के घरों की भी तलाशी ली।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान बैंक खाते की जानकारी और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आबकारी विभाग के सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ताओं को जानकारी मिली है कि बार के मालिक ने कथित तौर पर दूसरे बार मालिकों से पैसे इकट्ठा किए थे ताकि उन्हें उपायुक्त को सौंपा जा सके।
कुमार और दो अन्य अधिकारियों को शनिवार को आबकारी मुख्यालय बुलाया गया है, जहां उनसे उनके आचरण के बारे में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के नतीजों के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग के इस मामले को विस्तृत जांच के लिए सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) को सौंपने की भी संभावना है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव

Facebook


