केरलम ने ओमन चांडी स्वास्थ्य बीमा योजना की डीपीआर तैयार करने के लिए समिति गठित की
केरलम ने ओमन चांडी स्वास्थ्य बीमा योजना की डीपीआर तैयार करने के लिए समिति गठित की
तिरुवनंतपुरम, 26 सितंबर (भाषा) केरलम सरकार ने प्रस्तावित ओमन चांडी स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए एक तकनीकी विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। इस योजना में राज्य के प्रत्येक परिवार के लिए 25 लाख रुपये तक के बीमा कवरेज का प्रावधान करने की परिकल्पना की गई है।
स्वास्थ्य एवं देवस्वओम मंत्री के. मुरलीधरन ने कहा कि बीमा क्षेत्र के विशेषज्ञों वाली इस समिति को चार महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी के नाम पर रखी गई यह योजना विधानसभा चुनाव से पहले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के चुनावी वादों में से एक थी।
बाद में इसे 2026-27 के राज्य बजट में प्रस्तावित सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के हिस्से के रूप में घोषित किया गया था।
समिति की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव करेंगे। वित्त विभाग तथा योजना एवं आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव और राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (एसएचए) के कार्यकारी निदेशक इसके सदस्य होंगे।
समिति में बीमा क्षेत्र के विशेषज्ञों में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा पूर्व राज्य बीमा लोकपाल गिरिश राधाकृष्णन, भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के पूर्व सदस्य पी. जे. जोसफ तथा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सनथ कुमार शामिल हैं।
मुरलीधरन ने कहा कि समिति योजना की रूपरेखा और वित्तीय मॉडल की जांच करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि योजना को पहले से मौजूद स्वास्थ्य बीमा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सहायता कार्यक्रमों के साथ किस प्रकार जोड़ा जा सकता है।
भाषा संतोष रंजन
रंजन

Facebook


