केरल: इडुक्की की जेल में कैदी ने ‘टॉयलेट क्लीनर’ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया
केरल: इडुक्की की जेल में कैदी ने ‘टॉयलेट क्लीनर’ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया
इडुक्की, 19 जुलाई (भाषा) केरल के इडुक्की जिले के मुत्तोम स्थित उप-कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद एक कैदी ने रविवार को ‘टॉयलेट क्लीनर’ पीकर कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कैदी की पहचान कोल्लम निवासी 22 वर्षीय सजीत के रूप में हुई है और उसे पिछले सप्ताह एक मित्र के साथ एलएसडी और ‘हाइब्रिड’ गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद वह पुलिस हिरासत में था।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत की अवधि समाप्त होने पर शनिवार को उसे मुत्तोम उप-कारागार भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सजीत ने आत्महत्या के प्रयास में रविवार दोपहर जेल के अंदर ‘टॉयलेट क्लीनर’ कथित तौर पर पी लिया।
पुलिस के मुताबिक, उसे तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में कारागार विभाग ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


