केरल: वेणुगोपाल को निशाना बनाने वाली ‘फर्जी पोस्ट’ को लेकर के. सी. जोसेफ ने एआईसीसी से शिकायत की
केरल: वेणुगोपाल को निशाना बनाने वाली ‘फर्जी पोस्ट’ को लेकर के. सी. जोसेफ ने एआईसीसी से शिकायत की
तिरुवनंतपुरम, 10 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. जोसेफ ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से शिकायत की है कि उनके नाम से पार्टी नेता के.सी. वेणुगोपाल को निशाना बनाते हुए फेसबुक पर कथित फर्जी पोस्ट प्रसारित की जा रही है।
केरल के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर कथित खींचतान के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है।
पूर्व मंत्री ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर गहन चर्चा जारी है। राज्य में वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन, रमेश चेन्निथला और के.सी. वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों के रूप में उभर रहे हैं।
जोसेफ ने कहा कि उनकी जानकारी के बगैर इसी तरह के फर्जी पोस्ट कई अन्य कांग्रेस नेताओं के नाम पर भी प्रसारित किए जा रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें जो भी शामिल हो, यह कुछ और नहीं सिर्फ ओछी हरकत है।’’
वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि कांग्रेस पार्टी से सच्चा प्रेम रखने वाला कोई भी व्यक्ति जनता के सामने संगठन और उसके नेताओं को बदनाम करने का प्रयास करेगा।
जोसेफ ने कहा, ‘‘किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि वे ऐसी गतिविधियों से कुछ हासिल कर सकते हैं। अगर मुझे कुछ कहना होगा, तो मैं खुद कहूंगा। किसी को भी मेरी तरफ से संघर्ष करने की जरूरत नहीं है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चयन को लेकर नयी दिल्ली में सतीशन, वेणुगोपाल और चेन्निथला के साथ-साथ केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) अध्यक्ष सनी जोसेफ तथा केरल की प्रभारी एआईसीसी महासचिव दीपा दासमुंशी से मुलाकात की।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत

Facebook


