केरल में महिला की चाकू गोदकर हत्या करने के बाद आरोपी ने जहर खाया, मामला दर्ज

केरल में महिला की चाकू गोदकर हत्या करने के बाद आरोपी ने जहर खाया, मामला दर्ज

केरल में महिला की चाकू गोदकर हत्या करने के बाद आरोपी ने जहर खाया, मामला दर्ज
Modified Date: November 11, 2024 / 02:56 pm IST
Published Date: November 11, 2024 2:56 pm IST

कोच्चि, 11 नवंबर (भाषा) पेरुंबवूर में असम की 27 वर्षीय महिला की एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े चाकू गोदकर हत्या कर दी और इसके बाद आरोपी ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आरोपी व्यक्ति भी असम का ही रहने वाला है जिसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुद को चाकू मारा और इसके बाद जहर खा लिया।

पुलिस ने कहा कि फिलहाल उसका यहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि पेरुंबवूर के पास मुदिक्कल में रविवार को पूर्वाह्न 10 बजकर 45 मिनट पर मृतक महिला फरीदा बेगम पर हमला किया गया। असम निवासी 23 वर्षीय आरोपी महार अली मृतका के बगल में बैठा पाया गया और उसके हाथ में चाकू था जबकि शरीर पर खून के धब्बे थे।

पुलिस उन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने बेगम को मृत घोषित कर दिया। आरोपी यहां एक ‘प्लाईवुड फैक्टरी’ में काम करता था, जिसे बाद में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि उसे गंभीर चोट नहीं पहुंची है।

पुलिस के मुताबिक, फरीदा शादीशुदा थी और उसके पति की दो साल पहले मौत हो गई थी। वह और अली एक साथ रह रहे थे तथा दो महीने पहले दोनों असम गए थे जहां उनके बीच झगड़ा हो गया। बाद में महिला पेरुंबवूर लौट आई और आरोपी दो दिन पहले ही यहां पहुंचा।

पुलिस को संदेह है कि उसी झगड़े के कारण रविवार को यह हमला किया गया। हालांकि, हत्या के असल कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

भाषा यासिर संतोष

संतोष


लेखक के बारे में