केरल में पराबैंगनी विकिरण का उच्च स्तर दर्ज, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
केरल में पराबैंगनी विकिरण का उच्च स्तर दर्ज, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
तिरुवनंतपुरम, 24 अप्रैल (भाषा) केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान पराबैंगनी (यूवी) विकिरण का उच्च स्तर दर्ज किया गया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
प्राधिकरण द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पथनमथिट्टा के कोन्नी, अलप्पुझा के चेंगन्नूर, कोट्टायम के चंगनाशेरी और इडुक्की के मुन्नार में पराबैंगनी विकिरण का स्तर आठ से ऊपर दर्ज किया गया, जिसकी वजह से ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
इसके अलावा, राज्य भर में 10 स्थानों पर इसका स्तर छह और सात के बीच दर्ज किया गया, जो ‘येलो अलर्ट’ के दायरे में आता है।
प्राधिकरण ने कहा कि लंबे समय तक पराबैंगनी किरणों के संपर्क में रहने से ‘सनबर्न’ (त्वचा जलना), त्वचा रोग, आंखों पर प्रभाव पड़ने सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
प्राधिकरण के परामर्श के अनुसार, विकिरण का उच्चतम स्तर आमतौर पर सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच दर्ज किया जाता है जिससे इस समयसीमा के दौरान लोगों को धूप से सीधे संपर्क में आने से बचने का आग्रह किया गया है।
परामर्श में धूप से सीधे संपर्क में आने वाले लोगों से तथा त्वचा की समस्याओं, एल्बिनिज्म, आंखों की बीमारियों, कैंसर और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली से पीड़ित व्यक्तियों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
प्राधिकरण ने जनता को सलाह दी कि वे टोपी, छाता और धूप के चश्मे जैसे सुरक्षात्मक उपायों का उपयोग करें और दिन के समय बाहर निकलते समय पूरे शरीर को ढकने वाले सूती कपड़े पहनें।
प्राधिकरण ने कहा कि आमतौर पर ऊंचाई वाले और उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पराबैंगनी का स्तर अधिक होता है। साथ ही साफ आसमान वाले दिनों में भी यह उच्च रह सकता है।
इसमें कहा गया कि प्राधिकरण द्वारा स्थापित 14 निगरानी केंद्रों से प्राप्त वास्तविक समय के पराबैंगनी सूचकांक डेटा ऑनलाइन उपलब्ध है।
इस बीच, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में बढ़ते तापमान को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दोनों जिलों के लिए ऊष्म लहर की चेतावनी जारी की है।
इसमें कहा गया कि चेतावनी प्रणाली के हिस्से के रूप में शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे के बाद त्रिशूर और पलक्कड़ तथा उन अन्य जिलों में सायरन बजाए गए जहां तापमान बढ़ रहा है।
भाषा
प्रचेता गोला
गोला

Facebook


