केरल: शबरिमला सोना चोरी मामले में एसआईटी को जल्द अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश
केरल: शबरिमला सोना चोरी मामले में एसआईटी को जल्द अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश
कोच्चि, 20 जुलाई (भाषा) केरल उच्च न्यायालय ने शबरिमला मंदिर में सोना चोरी के मामले की जांच कर रही एसआईटी को जांच जल्द पूरी कर जल्द अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने का सोमवार को निर्देश दिया।
न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी और न्यायमूर्ति के वी जयकुमार की पीठ ने यह निर्देश 2019 में सोने की परत चढ़ाने के दौरान द्वारपालक (द्वारपाल देवता) की स्वर्ण पट्टिकाओं और श्रीकोविल (गर्भगृह) के द्वार से कथित रूप से सोना गायब होने से जुड़े दो मामलों पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) की ओर से दाखिल स्थिति रिपोर्ट पर गौर करने के बाद दिया।
एसआईटी के अनुसार, एक्स-रे फ्लोरेसेंस स्पेक्ट्रोस्कोपी, इंडक्टिवली कपल्ड प्लाज्मा मास स्पेक्ट्रोमेट्री और ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोस्कोपी जैसी विशेष वैज्ञानिक जांच जमशेदपुर स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला में कराई गई। एसआईटी ने बताया कि देश में उन्नत धातुकर्म विश्लेषण की ऐसी सुविधा केवल इसी संस्थान में उपलब्ध है।
एसआईटी ने कहा कि ये परीक्षण यह पता लगाने के लिए आवश्यक थे कि आरोपियों ने कथित तौर पर तांबे की पट्टिकाओं पर चढ़ी सोने की परत को किस प्रकार हटाया, चोरी किए गए सोने की मात्रा कितनी थी, तथा तांबे की पट्टिकाओं की मौलिकता, संरचना और धातुकर्म संबंधी विशेषताओं का निर्धारण किया जा सके।
उच्च न्यायालय ने एसआईटी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वैज्ञानिक जांच से आरोपियों द्वारा कथित तौर पर अपनाए गए अपराध के तरीके के बारे में नए तथ्य सामने आए हैं। मामले की सुनवाई तीन सितंबर के लिए निर्धारित की गई है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


