केरलम : मल्लापल्ली में चर्च के कब्रिस्तान से ग्रेनाइट की सिल्ली चुराने के आरोप में तीन गिरफ्तार

Ads

केरलम : मल्लापल्ली में चर्च के कब्रिस्तान से ग्रेनाइट की सिल्ली चुराने के आरोप में तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 09:32 PM IST

पत्तनमथिट्ठा, 20 सितंबर (भाषा) केरलम के मल्लापल्ली इलाके में अपने बिक्री केंद्र पर ग्रेनाइट की सिल्लियों के भंडार की कमी के बीच कब्रिस्तान में कब्र से ग्रेनाइट की सिल्लियां चुराकर ग्राहकों को बेचने के आरोप में एक ग्रेनाइट सिल्ली विक्रेता और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जलाल सिंह उर्फ ​​सुंदर (कन्याकुमारी का रहने वाला, जो मल्लापल्ली में ग्रेनाइट की सिल्लियां बेचता है), सुरजीत बर्मन (पश्चिम बंगाल का रहने वाला) और साजित (मल्लापल्ली का रहने वाला) के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि जलाल, सुरजीत और साजित पर मल्लापल्ली में ग्रेनाइट की सिल्लियों की चोरी से जुड़ी तीन घटनाओं में शामिल होने का आरोप है, जिनमें से सबसे ताजा घटना शनिवार को हुई।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने शनिवार रात मल्लापल्ली के पास अनिकाडु स्थित सेंट थॉमस मार थोमा चर्च में अन्नामा कुरियन की कब्र से छह फुट लंबी और तीन फुट चौड़ी काले ग्रेनाइट की एक सिल्ली कथित तौर पर चुरा ली।

अधिकारियों ने बताया कि मामला रविवार सुबह सामने आया, जब लोग मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना के लिए कब्रिस्तान पहुंचे और सिल्ली को गायब पाया। उन्होंने घटना की जानकारी कीझवैपुर पुलिस को दी, जिसने मामले की जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि चोरी की यह घटना ऐसे समय में हुई, जब पुलिस जुलाई में सामने आई ऐसी ही दो घटनाओं की जांच कर रही थी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले कीझवैपुर थाना क्षेत्र के वेंगालासेरी इलाके में स्थित मार थॉमस चर्च और मंकुझिप्पाडी के जायन मार थोमा चर्च के कब्रिस्तान में कब्रों से ग्रेनाइट की सिल्ली चोरी होने की शिकायतें मिली थीं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सुरजीत ने अपराध कबूल कर लिया और दो अन्य आरोपियों की भूमिका का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सुंदर के गोदाम से कब्रिस्तान से चुराई गई एक सिल्ली भी बरामद कर ली गई है।

भाषा पारुल नरेश

नरेश

ताजा खबर