पेशावर, 20 सितंबर (भाषा) पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में रविवार को हुई मुठभेड़ में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आठ आतंकवादी और दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत छह सुरक्षाकर्मी मारे गए। पाकिस्तान की सेना ने यह जानकारी दी।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशन’ के मुताबिक, यह अभियान खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में हंगू-टाल रोड पर चलाया गया।
मीडिया शाखा ने एक बयान में कहा कि इलाके में उग्रवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हुई।
बयान में बताया गया कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आठ उग्रवादी और कैप्टन व लेफ्टिनेंट सहित छह सुरक्षाकर्मी मारे गए।
इसमें कहा गया कि मुठभेड़ के दौरान उग्रवादियों की गोलीबारी की चपेट में आने से एक सैन्य वाहन में भी आग लग गई।
पुलिस ने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को मौके पर भेजा गया और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल