केरल : यूडीएफ कार्यकर्ताओं को ले जा रही कार की टक्कर लगने से दो महिला खिलाड़ी घायल
केरल : यूडीएफ कार्यकर्ताओं को ले जा रही कार की टक्कर लगने से दो महिला खिलाड़ी घायल
कोल्लम, आठ अप्रैल (भाषा) केरल के कोल्लम जिले में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) कार्यकर्ताओं को ले जा रही एक कार की टक्कर लगने से दो महिला खिलाड़ी घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंगलवार शाम करीब छह बजे प्रचार अभियान समाप्त होने के कुछ ही समय बाद आश्रम लिंक रोड पर यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यूडीएफ कार्यकर्ता एक अभियान कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कार से लौट रहे थे, जबकि घायल महिलाएं पैदल जा रही थीं।
दोनों घायल युवा महिला खिलाड़ियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जिस वाहन ने खिलाड़ियों को टक्कर मारी, वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और यूडीएफ उम्मीदवार बिंदू कृष्णा के बेटे का है।
पुलिस ने बताया कि वाहन चालक की पहचान देवानंद के रूप में हुई है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटना के समय कार में तीन अन्य व्यक्ति भी सवार थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के समय कृष्णा का बेटा वाहन में मौजूद नहीं था। मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


