दिल्ली : सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में डीयू की छात्राओं ने मार्च निकाला
दिल्ली : सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में डीयू की छात्राओं ने मार्च निकाला
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की कई छात्राओं ने ग्रेटर नोएडा में एक बस में 16 वर्षीय एक लड़की के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के खिलाफ आधी रात को विरोध मार्च निकाला और सार्वजनिक स्थानों को महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित बनाने की मांग की।
मंगलवार देर रात निकाला गया यह मार्च ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) ने अपने ‘रीक्लेम द नाइट’ अभियान के तहत आयोजित किया था। इस मार्च के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव से पहले संगठन का महिला विद्यार्थी घोषणापत्र भी जारी किया गया।
घोषणापत्र में महिलाओं की सुरक्षा, प्रतिनिधित्व और लैंगिक न्याय को प्रमुख मांगों में रखा गया। इसमें डूसू चुनावों में सभी महिला महाविद्यालयों की छात्राओं को मतदान का अधिकार देने और छात्र संघ के पदों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग की गई।
छात्र संगठन ने मजबूत आपातकालीन सहायता व्यवस्था, परिसरों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने और लैंगिक आधार पर होने वाले उत्पीड़न को समाप्त करने की भी मांग की।
घोषणापत्र में छात्राओं को पढ़ाई बीच में छोड़ने से रोकने के लिए उपाय करने, छात्रवृत्ति और फेलोशिप तक अधिक पहुंच सुनिश्चित करने, लैंगिक संवेदनशीलता पर आधारित पाठ्यक्रम तैयार करने तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में नियमित रूप से स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की गई।
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


