केरल : कुएं में गिरा जंगली हाथी का बच्चा, तीन घंटे के अभियान के बाद सुरक्षित निकाला गया
केरल : कुएं में गिरा जंगली हाथी का बच्चा, तीन घंटे के अभियान के बाद सुरक्षित निकाला गया
पत्तनमथिट्ठा, 22 जून (भाषा) केरल के थन्निथोडु क्षेत्र में एक निजी परिसर में स्थित कुएं में गिर गए जंगली हाथी के बच्चे को वन विभाग ने सोमवार को करीब तीन घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथियों का एक झुंड जंगल से भटककर स्थानीय निवासी गोपी के रबर के खेत में घुस गया था, जो वन क्षेत्र के पास स्थित है।
रविवार रात को हाथी का बच्चा लगभग 20 फीट गहरे एक सूखे कुएं में गिर गया था।
सोमवार तड़के करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने हाथियों की आवाजें सुनीं। जब उन्होंने पड़ताल की तो पाया कि हाथी का एक बच्चा कुएं में फंसा हुआ है।
थन्निथोडु वन रेंज कार्यालय के अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई और वे मौके पर पहुंच गए।
वन अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत कुएं की एक तरफ की दीवार तोड़कर जेसीबी की मदद से ढलान बनाया गया, ताकि हाथी का बच्चा सुरक्षित रूप से बाहर निकल सके।
बचाव दल ने पूरे अभियान के दौरान सतर्कता बरती क्योंकि शुरुआत में हाथियों का झुंड घटनास्थल के पास मौजूद था, जो बाद में जंगल की ओर लौट गया।
अधिकारियों ने बताया कि तीन घंटे से अधिक चले प्रयास के बाद लगभग दो साल के हाथी के बच्चे को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वह तेजी से दौड़कर वहां से चला गया।
अधिकारियों ने बताया कि हाथी के बच्चे के बाहर निकलने के बाद उसे जंगल की ओर खदेड़ने के लिए पटाखे फोड़े गए।
उन्होंने कहा कि उसे वापस झुंड से मिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि यह प्रयास सफल नहीं होता है, तो हाथी के बच्चे को पुनर्वास केंद्र में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस बीच, स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि जंगली हाथियों के झुंड अक्सर इस क्षेत्र में रिहायशी इलाकों और कृषि भूमि में घुस आते हैं, जिससे फसलों और संपत्ति को नुकसान होता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग इस तरह की घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


