भारतीय खेलों में केरल का योगदान सर्वविदित : केंद्रीय मंत्री मांडविया

Ads

भारतीय खेलों में केरल का योगदान सर्वविदित : केंद्रीय मंत्री मांडविया

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 09:43 AM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 09:43 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 24 जून (भाषा) केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि भारतीय खेलों में केरल का योगदान सर्वविदित है और 2026 के आइची-नागोया एशियाई खेलों में देश की सफलता में राज्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मांडविया मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर यहां आयोजित आइची-नागोया एशियाई खेल 2026 की ‘फन रन’ को हरी झंडी दिखाने के बाद संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर को ऐतिहासिक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि भारत में पहली बार ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की ‘एशियन गेम्स फॉर ऑल’ पहल के तहत किसी कार्यक्रम की मेजबानी की जा रही है।

मांडविया ने कहा कि भारत के खेल परिदृश्य में केरल का एक विशेष स्थान है।

उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों के प्रति जुनून केवल उसके चैंपियन खिलाड़ियों की उपलब्धियों में ही नहीं, बल्कि वहां के लोगों के उत्साह में भी झलकता है।

उन्होंने कहा, ‘इसी कारण पिछले एक दशक में खेलों का विकास हमारी प्राथमिकताओं में प्रमुखता से उभरकर सामने आया है।’

केंद्रीय मंत्री ने पी. टी. उषा, अंजू बॉबी जॉर्ज और पी. आर. श्रीजेश जैसे खेल जगत के दिग्गजों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केरल ने लगातार ऐसे खिलाड़ियों को जन्म दिया है जिन्होंने देश का नाम रोशन किया है।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए मांडविया ने कहा कि वर्तमान में ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के तहत केरल के 115 खिलाड़ियों को सहायता दी जा रही है, जिनमें 69 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य के 17 खिलाड़ी ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ का हिस्सा हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सर्वोच्च स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सहायता प्रदान की जा रही है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव