भुवनेश्वर, 19 मई (भाषा) ओड़िशा में होने वाले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिये पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे एवं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अगले सप्ताह संभवत: ओडिशा जायेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को इसकी जानकारी दी ।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के ओडिशा के प्रभारी अजय कुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 26 से 28 मई के बीच खरगे एवं राहुल के यहां आने की उम्मीद है ।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के दौरे के विस्तृत कार्यक्रम को दो दिन के अंदर अंतिम रूप दे दिया जायेगा ।
कुमार ने कहा, ‘‘हमने प्रियंका गांधी जी से 25 मई को ओडिशा आने का आग्रह किया है। हालांकि, उस दिन उत्तर प्रदेश में सभा को संबोधित करने का उनका पहले से कार्यक्रम निर्धारित है, और उसके बाद वह हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जायेंगी। हमने अब उनसे 26 मई को ओड़िशा आने का आग्रह किया है।’’
राहुल गांधी ने कटक में 28 अप्रैल को, बोलांगीर में 15 मई को रैली की थी । खरगे ने कंधमाल में सभा की थी जबकि भुवनेश्वर में प्रेस को संबोधित किया था ।
चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ओडिशा दौरे पर कांग्रेस नेता ने कहा, ”मोदी जी यहां झूठ फैलाने आ रहे हैं। उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। नौकरियां देने की बात तो भूल जाइए, करोड़ों लोगों की नौकरी चली गई हैं और भारत में बेरोज़गारी चरम पर है।”
कुमार ने दावा किया कि मोदी प्रचार के लिए आ रहे हैं लेकिन इसका राज्य में ‘‘भाजपा उम्मीदवारों के चुनाव परिणामों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।’’
भाषा रंजन रंजन नरेश
नरेश