केरल में नौका हादसों के बाद लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश जारी

Ads

केरल में नौका हादसों के बाद लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 09:20 AM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 09:20 AM IST

तिरुवनंतपुरम, आठ अगस्त (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जिलों में मछली पकड़ने वाली नौकाओं से जुड़े अलग-अलग हादसों के बाद 31 जुलाई से लापता तीन मछुआरों की तलाश शनिवार को फिर शुरू की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

तलाश अभियान शनिवार को नौवें दिन भी जारी रहा। तिरुवनंतपुरम जिले के विड़िण्गम और मुथलापोझी तथा कोल्लम जिले के नींदकारा इलाके में तलाश की जा रही है।

पुथेनथुरा निवासी गौतम कृष्णा (26) नींदकारा में मछली पकड़ने वाली एक नौका के 31 जुलाई को पलट जाने के बाद से लापता है, इस हादसे में गौतम के पिता राधाकृष्णन (48) और उसके दादा राजीवन (74) की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि गौतम की मां रेशमा के विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार से तलाश अभियान तेज कर दिया गया। इसके लिए तटीय पुलिस की अतिरिक्त नौकाएं तैनात की गई हैं तथा भारतीय तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टरों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।

इस बीच, विड़िण्गम तटीय पुलिस पुल्लुविला निवासी जॉन (54) की तलाश जारी रखे हुए है। वह भी 31 जुलाई को तिरुवनंतपुरम तट के पास एक अलग नौका हादसे के बाद से लापता है।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल और मछुआरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।

जॉन के परिवार के विरोध प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार ने तलाश अभियान तेज करने का आश्वासन दिया था।

विड़िण्गम तटीय पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को तलाश का दायरा और क्षेत्रों तक बढ़ाया जाएगा।

मुथलापोझी के पास 31 जुलाई को मछली पकड़ने वाली एक नौका पलटने के बाद लापता हुए शिजिन (32) की तलाश भी शनिवार सुबह फिर शुरू की गई।

अंचुथेंगु तटीय पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि मत्स्य विभाग की समुद्री प्रवर्तन शाखा की मदद से तलाश अभियान सुबह से जारी है।

शिजिन के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उसका पता लगाने के लिए उचित तरीके से तलाश अभियान नहीं चलाया जा रहा है। उन्होंने अंचुथेंगु तटीय पुलिस थाने के पास सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया था।

बाद में परिवहन मंत्री सी. पी. जॉन ने मछुआरे के घर जाकर उसके परिवार को तलाश अभियान तेज करने का आश्वासन दिया।

मंत्री ने शनिवार से तलाश अभियान में 10 मछुआरों को शामिल करने की परिवार की मांग भी स्वीकार कर ली।

विपक्ष तलाश अभियान में सुस्ती का आरोप लगाते हुए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार को निशाना बना रहा है। वहीं, डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने शुक्रवार को कोल्लम कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।

‘केरल कैथोलिक बिशप्स काउंसिल’ ने भी राज्य सरकार से मछुआरों के लिए तलाश एवं बचाव व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना