अपहृत 27 दिन के शिशु को बचाया गया, निःसंतान दम्पति सहित पांच गिरफ्तार
अपहृत 27 दिन के शिशु को बचाया गया, निःसंतान दम्पति सहित पांच गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के पैसिफिक मॉल के पास 27 दिन के एक नवजात शिशु का कथित तौर पर अपहरण करने के आरोप में एक निःसंतान दंपति, एक घरेलू सहायक और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुभाष नगर के पास तड़के उसके नवजात शिशु का अपहरण कर लिया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘कई टीमों ने जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पाया कि सुबह करीब पांच बजे दो लोग एक स्कूटर पर बच्ची के साथ जा रहे थे। बाद में पता चला कि गाड़ी नारायणा से चोरी हुई थी।’
पुलिस ने स्कूटर के जरिए अनिल तक पहुंची जिसने इसे विकास उर्फ रायन नाम के एक आरोपी से लिया था, जो इस समय एक अन्य मामले में जेल में बंद है।
अधिकारी ने बताया कि बाद में इसे एक नाबालिग को सौंप दिया गया, जिसने पूछताछ में अपहरण की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि उत्तम नगर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली माया (40) ने अपने पड़ोसियों – शुभ करण (36) और उसकी पत्नी संयोगिता (27) से दोस्ती कर ली थी, जो शादी के कई सालों बाद भी निःसंतान थे।
पुलिस ने बताया कि पैसिफिक मॉल के पास सड़क किनारे एक नवजात शिशु के साथ रह रही एक महिला को देखकर माया ने कथित तौर पर उस दंपति के साथ मिलकर बच्चे के अपहरण की साजिश रची।
उसने योजना को अंजाम देने के लिए एक नाबालिग को 20,000 रुपये की पेशकश की। पुलिस ने बताया कि नाबालिग ने अपने साथी, एक अन्य किशोर के साथ मिलकर चोरी की गई स्कूटी से अपहरण की वारदात को अंजाम दिया और शिशु को माया को सौंप दिया, जिसने बाद में बच्चे को दंपति को दे दिया।
सभी आरोपियों को उत्तम नगर स्थित उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि शुभ करण, संयोगिता और माया को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और दोनों नाबालिगों को सुधार गृह भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया और उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


