लद्दाख प्रशासन छात्रों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है: उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता
लद्दाख प्रशासन छात्रों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है: उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता
जम्मू, 15 फरवरी (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने छात्रों के कल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए रविवार को जोर दिया कि केंद्र शासित प्रदेश के भविष्य को आकार देने में शिक्षित युवाओं की भूमिका अहम है।
यहां ‘ऑल लद्दाख स्टूडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन’ के जम्मू चैप्टर के 27वें वार्षिक दिवस समारोह में उपराज्यपाल ने छात्रों से एकता की भावना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के मूल्यों को बनाए रखते हुए अपनी भाषा, संस्कृति तथा जड़ों से जुड़े रहने का आग्रह किया।
उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘लद्दाख प्रशासन छात्रों की चिंताओं को सुनने और उन्हें प्राथमिकता के साथ हल करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।’’ उन्होंने दोहराया कि छात्र कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है।
जम्मू में लेह और कारगिल जिलों के युवाओं की सभा को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि ‘लद्दाख स्टूडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन’ महज एक संगठन नहीं है, बल्कि लद्दाख के युवाओं के दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सपनों का प्रतिबिंब है।
गुप्ता ने छात्रों से परंपरागत करियर विकल्पों से आगे सोचने का आह्वान करते हुए उन्हें स्टार्टअप, स्वरोजगार और कौशल-आधारित क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘आज के युवाओं को केवल नौकरी चाहने वाला नहीं, बल्कि नौकरी का सृजनकर्ता बनने की आकांक्षा रखनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि आज का भारत अपार अवसर प्रदान करता है और प्रौद्योगिकी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के युग में नवाचार विकास के रास्तों को समाप्त करने के बजाय उनका विस्तार ही कर रहा है।
गुप्ता ने युवाओं से निरंतर सीखने, नवाचार करने का आग्रह किया।
‘विकसित भारत’ की परिकल्पना का जिक्र करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि भारत के युवा ही इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
भाषा यासिर संतोष
संतोष

Facebook


