लेह, 24 अगस्त (भाषा) लद्दाख के द्रास जिले में कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ कथित तौर पर ‘अपमानजनक और भड़काऊ’ टिप्पणी करने के मामले में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के एक वरिष्ठ नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
शिकायतकर्ता एवं भाजपा की द्रास जिला इकाई के अध्यक्ष फयाज अहमद कारी ने आरोप लगाया कि नेकां के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष गुलाम रसूल नगवी ने 21 अगस्त को संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा को एक ‘धर्म’ बताया और उसके कार्यकर्ताओं को ‘यजीदी कौम’ कहकर संबोधित किया।
अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ये टिप्पणियां भड़काऊ थीं और इनसे लद्दाख में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है तथा सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।
‘यजीदी’ शब्द का संदर्भ यजीद इब्न मुआविया से है, वह शासक जिसने 680 ईस्वी में कर्बला में पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की हत्या की थी। उसे एक अत्याचारी शासक के रूप में जाना जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि शिकायतकर्ता ने सबूत के तौर पर संवाददाता सम्मेलन के वीडियो क्लिप भी सौंपे हैं और आरोपी के खिलाफ जांच तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
द्रास पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह मामला 22 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 352, 353 और 299 के तहत दर्ज किया गया था। ये धाराएं नफरती भाषण, सार्वजनिक शांति बिगाड़ने के प्रयास और धर्म का दुर्भावनापूर्ण अपमान करने से संबंधित हैं।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप