एलडीएफ ने अभिनेता सुधीर करमना को तिरुवनंतपुरम से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा

Ads

एलडीएफ ने अभिनेता सुधीर करमना को तिरुवनंतपुरम से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 03:23 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम विधानसभा क्षेत्र से अभिनेता सुधीर करमना को समर्थन देते हुए उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा।

वामपंथी विचारधारा के करमना का मुकाबला कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) एवं संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के नेता सी पी जॉन और भाजपा के उम्मीदवार करमना जयन से होगा।

इससे पहले, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सहित एलडीएफ के सहयोगी दलों ने नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी।

हालांकि, तिरुवनंतपुरम निर्वाचन क्षेत्र पर फैसला लंबित रहा, क्योंकि यह सीट सहयोगी जनाधिपत्य केरल कांग्रेस (जेकेसी) को आवंटित की गई थी।

जेकेसी के नेता एवं मौजूदा विधायक एंटनी राजू को यहां की एक मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा सबूतों से छेड़छाड़ के एक मामले में दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया।

जेकेसी उनकी जगह कोई और उम्मीदवार खड़ा करने में विफल रही, जिसके चलते एलडीएफ ने अभिनेता को समर्थन देते हुए मैदान में उतारा।

करमना ने पत्रकारों से कहा कि स्थानीय निवासी होने के नाते वह तिरुवनंतपुरम के हर कोने से वाकिफ हैं, साथ ही लोगों की भावनाओं और समस्याओं से भी परिचित हैं।

उन्होंने चुनाव के लिए सभी वर्गों के लोगों का समर्थन भी मांगा।

करमना ने कहा, “मैं एक मजबूत वामपंथी मोर्चे के साथ हूं। हम निरंतरता के नारे के साथ आगे बढ़ेंगे, और यह होकर रहेगा।”

भाषा

नेत्रपाल दिलीप

दिलीप