तिरुवनंतपुरम नगर निगम में अविश्वास प्रस्ताव पर यूडीएफ का साथ नहीं देगा एलडीएफ
तिरुवनंतपुरम नगर निगम में अविश्वास प्रस्ताव पर यूडीएफ का साथ नहीं देगा एलडीएफ
तिरुवनंतपुरम, 28 जून (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने रविवार को स्पष्ट कर दिया कि वह कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) द्वारा तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा नीत प्रशासन के खिलाफ लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन नहीं करेगा।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के तिरुवनंतपुरम जिला सचिव वी जॉय ने कहा, ‘‘हम अभी यूडीएफ की ओर से लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव में शामिल नहीं हो सकते। यह एक नीतिगत मामला है। इसलिए, वर्तमान परिस्थितियों में यह संभव नहीं है।’’
हालांकि, वर्कला के विधायक ने मीडिया से कहा कि स्थिति हमेशा एक जैसी नहीं रहती, जिससे संकेत मिलता है कि भविष्य में राजनीतिक परिस्थितियां बदल सकती हैं।
एलडीएफ के इस रुख के बावजूद, यूडीएफ संसदीय दल के नेता के एस शबरिनाथन ने उम्मीद जताई कि वामपंथी दल आखिरकार इस प्रस्ताव का समर्थन करेगा।
उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाना विपक्ष का संवैधानिक अधिकार है, खासकर तब जब भाजपा नीत प्रशासन छह महीने पूरे करने के बाद मौजूदा परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में कथित तौर पर विफल रहा है।
हालांकि, महापौर वी.वी. राजेश ने कहा कि विपक्ष हर छह महीने में एक बार अविश्वास प्रस्ताव लाने के अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए स्वतंत्र है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह मानकर ही कार्यभार संभाला था कि माकपा और कांग्रेस अंततः ऐसा प्रस्ताव लाने के लिए हाथ मिला सकते हैं।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्ड में से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 50 पार्षद हैं और एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त है, जबकि एलडीएफ के पास 29 सदस्य हैं और यूडीएफ के पास 20 सदस्य हैं।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


