कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट: भाजपा का कांग्रेस सरकार पर विफल होने का आरोप

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट: भाजपा का कांग्रेस सरकार पर विफल होने का आरोप

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट: भाजपा का कांग्रेस सरकार पर विफल होने का आरोप
Modified Date: May 27, 2026 / 08:24 pm IST
Published Date: May 27, 2026 8:24 pm IST

शिवमोगा, 27 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस आलाकमान का संभावित ‘‘निर्णय’’ मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को हटाना है, क्योंकि उनकी अगुवाई वाली राज्य सरकार पिछले तीन वर्षों के दौरान सुशासन कायम करने में ‘विफल’ रही है।

विजयेंद्र ने यह भी बताया कि अगला मुख्यमंत्री भले कोई बने, राज्य में मध्यावधि विधानसभा चुनाव होंगे ही।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘कांग्रेस आलाकमान ने आज स्वीकार कर लिया कि सिद्धरमैया-नीत सरकार पिछले तीन वर्षों में सुशासन कायम करने में विफल रही है और इसलिए मुख्यमंत्री को बदलने का फैसला लिया गया है।’

उन्होंने दावा किया कि मंगलवार को दिल्ली में हुई मैराथन बैठकों के बाद अंततः यह निर्णय लिया गया कि सिद्धरमैया को इस्तीफा दे देना चाहिए।

विजयेंद्र ने कहा कि मुद्दा यह नहीं है कि अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, बल्कि मुद्दा राज्य प्रशासन की स्थिति से जुड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हम एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां सभी को इस बात पर विचार करना होगा कि राज्य किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। आंतरिक संघर्षों के कारण प्रशासन पूरी तरह से ध्वस्त हो गया था।’’

उन्होंने कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान वाल्मीकि विकास निगम और एमयूडीए भूमि आवंटन घोटाले हुए थे।

विजयेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि सिद्धरमैया के नेतृत्व में राज्य कर्ज के जाल में फंस गया है।

शिकारीपुरा विधायक ने कहा, ‘‘अगर दक्षिण भारत के अन्य राज्यों से तुलना करें तो सिद्धरमैया ने राज्य को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डुबो दिया है। हमें यह समझने की जरूरत है कि राज्य किस हद तक कर्ज के जाल में फंसा है।’’

राज्य में मध्यावधि विधानसभा चुनावों की भविष्यवाणी करते हुए उन्होंने कहा कि अगर सिद्धरमैया इस्तीफा दे देते हैं और उनकी जगह कोई और आता है, तो भी प्रशासन में भ्रम की स्थिति पैदा हो जाएगी।

विजयेंद्र ने कहा, ‘‘राज्य में समय से पहले चुनाव निश्चित रूप से होंगे। कर्नाटक में समय से पहले चुनाव होने से कोई नहीं रोक सकता।’

विजयेंद्र ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की हाल ही में हुई कर्नाटक यात्रा के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि नवीन ने बेंगलुरु में विधायकों, सांसदों और युवा प्रतिनिधियों के साथ कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने कहा, ‘‘नितिन नवीन को संगठनात्मक मामलों का अपार अनुभव है। उनमें संगठन को और मजबूत करने का दृढ़ संकल्प और क्षमता है।’’

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में