लिएंडर पेस ने पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु के सहयोगी की हत्या पर दुख जताया
लिएंडर पेस ने पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु के सहयोगी की हत्या पर दुख जताया
कोलकाता, सात मई (भाषा) टेनिस खिलाड़ी और भाजपा नेता लिएंडर पेस ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या पर दुख जताते हुये कहा कि विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में ‘गुंडागर्दी’ की घटनाएं हो रही हैं।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से बना तनावपूर्ण माहौल बुधवार रात उस समय हिंसक हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद भारी आक्रोश और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
पेस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कल जो हुआ उससे मैं स्तब्ध और दुखी हूं। दुर्भाग्यवश, पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में जो कुछ हो रहा है, वह उचित नहीं है।’’
राज्य में 2011 से तृणमूल कांग्रेस की सरकार थी, जबकि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भारी जीत दर्ज की।
हालांकि, पेस ने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की नयी सरकार कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देगी।
उन्होंने कहा, ‘शासन, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा स्थिति में गिरावट के कारण हमारे राज्य में चुनाव के बाद के चरण में गुंडागर्दी हो रही है।”
पेस ने कहा, ‘‘मेरा जन्म कोलकाता में हुआ, मैंने यहां पढ़ाई की और टेनिस खेलने के लिए साउथ क्लब तक पैदल जाता था। यह हमारा राज्य। वह शहर जिसे हम सब जानते हैं। यहां गंदी राजनीति की कोई जगह नहीं है।
पेस विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए।
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


