ईरान पर हमले की निंदा करे भारत सरकार: वाम दल
ईरान पर हमले की निंदा करे भारत सरकार: वाम दल
नयी दिल्ली , 28 फरवरी (भाषा) वाम दलों ने शनिवार को ईरान पर सैन्य हमले के लिए अमेरिका और इजराइल की निंदा की तथा इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और वैश्विक शांति के लिए खतरा करार दिया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा कि भारत सरकार को मित्र राष्ट्र ईरान पर इस हमले की भर्त्सना करने के साथ युद्ध को तत्काल रोकने का आह्वान करना चाहिए।
माकपा पोलित ब्यूरो ने एक बयान कहा कि यह हमला ‘ईरान की राष्ट्रीय संप्रभुता, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सभी अंतरराष्ट्रीय संधियों का घोर उल्लंघन’ है।
माकपा ने कहा, ‘अमेरिका और इज़राइल ने ईरान के साथ चल रही बातचीत को नजरअंदाज करके ये हमले किए। हमले और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से यह स्पष्ट है कि उन्हें इन वार्ताओं पर कभी विश्वास नहीं था।’
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन की केंद्रीय समिति ने हमलों को ‘आपराधिक मिसाइल हमले’ और ‘साम्राज्यवादी आक्रामकता का कृत्य’ करार दिया।
पार्टी ने कहा कि हमलों ने ‘कूटनीति वाली अमेरिकी वार्ता के मुखौटे को उजागर कर दिया’।
भाषा हक पवनेश
पवनेश

Facebook


