दिल्ली की विरासत को बढ़ावा देने के लिए एलजी ने विश्व स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन पर दिया जोर
दिल्ली की विरासत को बढ़ावा देने के लिए एलजी ने विश्व स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन पर दिया जोर
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को वैश्विक स्तर पर ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन और राष्ट्रीय राजधानी की रात्रि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इन पहलों से कलाकारों, प्रस्तुतिकर्ताओं और स्थानीय व्यवसायों को समर्थन मिलने के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करने में मदद मिल सकती है।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए संधू ने कहा कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों की तर्ज पर दिल्ली को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के माध्यम से अपने खुद के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के नियमित आयोजनों से देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है, जिससे शहर की रचनात्मक अर्थव्यवस्था में योगदान मिलेगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली की विरासत और संस्कृति को नागरिकों, कलाकारों और युवाओं की भागीदारी वाले समावेशी मंचों के माध्यम से बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संस्कृति केवल इसके संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की कला, डिजाइन, शिल्प और प्रदर्शन परंपराओं में रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ नागरिक पहचान और गौरव को मजबूत करने की भी पूरी क्षमता है।
संधू ने डीडीए को निर्देश दिया कि वह कला प्रतिष्ठानों, प्रस्तुतियों और विरासत से जुड़े कार्यक्रमों समेत सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए अपने मौजूदा सार्वजनिक स्थलों का उपयोग करने की संभावनाएं तलाशे।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


