राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई जगह हल्की बारिश
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई जगह हल्की बारिश
जयपुर, 27 अप्रैल (भाषा) राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है, हालांकि इस दौरान कई जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार की सुबह, बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य में कुछ हिस्सों में उष्ण लहर और उष्ण रात्रि दर्ज़ होने के साथ ही कई जगह बादलों की गरज और हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गयी।
इस समय राजस्थान के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा हैं जो इस मौसम के सामान्य तापमान से अधिक है। बीते चौबीस घंटे में अधिकतम 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में रहा।
इस दौरान सर्वाधिक बारिश फलौदी में 4.0 मिलीमीटर हुई।
मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के कुछ भागों में उष्ण लहर का दौर अभी जारी रह सकता है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी 3-4 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ आंधी चलने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी दिनों में आंधी बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा

Facebook


