एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित, बैठक 12 बजे तक स्थगित
एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित, बैठक 12 बजे तक स्थगित
नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) विपक्षी दलों के सदस्यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर शुक्रवार को भी लोकसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की बैठक आरंभ होने के 23 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मानसून सत्र में पिछले कई दिन से एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा कर रहे हैं, जिससे सदन में गतिरोध बना हुआ है।
सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल मलिक के निधन की सूचना सदन को दी। सदन ने कुछ पल का मौन रखकर जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद बिरला ने 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की 83वीं जयंती होने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हम इस अवसर पर महात्मा गांधी और स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।’’
इसके बाद जैसे ही उन्होंने प्रश्नकाल शुरू कराया, विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर नारेबाजी करने लगे। वे एसआईआर और चुनाव सुधार के मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं जिसे सरकार खारिज कर चुकी है।
हंगामे के बीच ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा और स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित कुछ मंत्रियों ने कुछ सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर दिए।
बिरला ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपसे पुन: आग्रह कर रहा हूं कि प्रश्नकाल चलने दें। यह महत्वपूर्ण समय होता है। नारेबाजी करना संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है। देश की जनता देख रही है कि नियोजित तरीके से सदन को कैसे बाधित किया जा रहा है।’’
शोर-शराबा जारी रहा और अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 11 बजकर 23 मिनट पर दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा

Facebook


