पॉक्सो मामले में केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी

Ads

पॉक्सो मामले में केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 03:47 PM IST

हैदराबाद, 16 मई (भाषा) साइबराबाद पुलिस ने केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे बंडी भगीरथ के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है ताकि उसे देश छोड़कर भागने से रोका जा सके। उस पर बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भगीरथ को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

इस बीच, तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में मांग की है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री संजय कुमार को ‘‘उनके बेटे से जुड़े पॉक्सो मामले में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने’’ के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाया जाए।

भगीरथ को शुक्रवार रात तेलंगाना उच्च न्यायालय से भी झटका लगा, जब अदालत ने उन्हें गिरफ्तारी से कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया।

भगीरथ की अंतरिम अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि इस चरण में वह कोई अंतरिम आदेश पारित करने के पक्ष में नहीं है।

भगीरथ के वकील ने अंतिम आदेश आने तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण देने का अनुरोध किया था।

यह मामला आठ मई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत 17 वर्षीय लड़की की मां ने दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भगीरथ के उसकी बेटी के साथ संबंध थे और उसने लड़की का यौन उत्पीड़न किया।

पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद मामले में पॉक्सो अधिनियम की और कड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं।

भगीरथ ने भी एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया कि लड़की ने उसे पारिवारिक कार्यक्रमों और सामूहिक आयोजनों में आमंत्रित किया था। भगीरथ की शिकायत के आधार पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई।

शिकायत में भगीरथ ने कहा कि लड़की के परिवार को भरोसेमंद मानते हुए वह दोस्तों के समूह के साथ कुछ धार्मिक स्थलों की यात्राओं पर भी उनके साथ गए थे।

उसने आरोप लगाया कि बाद में लड़की और उसके माता-पिता ने उस पर शादी का दबाव बनाया। प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की के माता-पिता ने कथित रूप से उनसे पैसे मांगे और भुगतान न करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

भगीरथ का दावा है कि डर के कारण उन्होंने लड़की के पिता को 50 हजार रुपये दिए, लेकिन बाद में परिवार ने पांच करोड़ रुपये की मांग की। उसने यह भी आरोप लगाया कि मांग पूरी न करने पर लड़की की मां आत्महत्या करने की धमकी दे रही थीं।

भाषा गोला पवनेश

पवनेश