शाहजहांपुर, 16 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र में एक कार के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण कार में सवार एक कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुवायां के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण मलिक ने बताया कि हरियाणा के भिवानी-दादरी निवासी कांस्टेबल दिनेश चौधरी (30) वर्ष 2018 बैच का सिपाही था और पिछले एक वर्ष से बंडा थाने में तैनात था। शुक्रवार रात वह एक महिला के साथ कार से कहीं जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पलिया मार्ग पर भूडा-मैनारी पुल के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चला रहे दिनेश चौधरी सीटों के बीच फंस गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दिनेश चौधरी को मृत घोषित कर दिया।
सीओ ने बताया कि घायल महिला की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत