उपराज्यपाल ने पूरे लद्दाख में 15 साझा सुविधा केंद्रों की शुरुआत की

उपराज्यपाल ने पूरे लद्दाख में 15 साझा सुविधा केंद्रों की शुरुआत की

उपराज्यपाल ने पूरे लद्दाख में 15 साझा सुविधा केंद्रों की शुरुआत की
Modified Date: June 2, 2026 / 02:00 pm IST
Published Date: June 2, 2026 2:00 pm IST

लेह, दो जून (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 15 साझा सुविधा केंद्र (सीएफसी) को जनता को समर्पित किया। इस पहल का उद्देश्य सूक्ष्म उद्यमों को मजबूत करना, महिलाओं और युवाओं के लिए उनके अपने गांवों में आजीविका के अवसर पैदा करना तथा पलायन रोकना है।

उपराज्यपाल ने कहा कि ये केंद्र बुनकरों, सूत कातने वालों, दर्जियों, हस्तशिल्पियों और महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लिए साझा कार्यस्थल के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सक्सेना ने ‘एक्स’ पर कहा, “लद्दाख में 15 साझा सुविधा केंद्रों का उद्घाटन करके उन्हें जनता को समर्पित किया गया। यह आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण और ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

उन्होंने कहा कि ये केंद्र हथकरघा गतिविधियों को बढ़ावा देंगे, स्थानीय उद्यमिता और कौशल विकास को प्रोत्साहित करेंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।

उपराज्यपाल ने कहा कि इन केंद्रों की परिकल्पना केवल उत्पादन इकाइयों के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, सामुदायिक भागीदारी और आर्थिक सशक्तीकरण के केंद्रों के रूप में की गई है।

उन्होंने कहा कि ये केंद्र लद्दाख की समृद्ध हथकरघा परंपरा को संरक्षित करने में मदद करेंगे और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच दिलाएंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

भाषा खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में