उपराज्यपाल संधू ने स्टीफंस कॉलेज में बिताए समय को याद किया, छात्रों से उत्कृष्ट बनने का आग्रह किया
उपराज्यपाल संधू ने स्टीफंस कॉलेज में बिताए समय को याद किया, छात्रों से उत्कृष्ट बनने का आग्रह किया
नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को अपने पूर्व संस्थान सेंट स्टीफंस कॉलेज का दौरा किया और 2026 के स्नातक छात्रों को संबोधित करते हुए उनसे योग्यता, चरित्र, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना के साथ उत्कृष्ट बनने का आग्रह किया।
कॉलेज में वार्षिक विदाई समारोह को संबोधित करते हुए, संधू ने संस्थान में बिताए अपने समय को याद किया और इसे एक ऐसा रचनात्मक स्थान बताया, जिसने उनके बौद्धिक दृष्टिकोण और व्यक्तिगत मूल्यों को आकार दिया।
अपने छात्र जीवन को याद करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि कक्षाओं, बहसों और संवाद की यादें उनके जीवन और करियर को हमेशा प्रभावित करती रही हैं।
संधू ने कॉलेज की विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस संस्थान ने एक सदी से अधिक समय से ऐसी पीढ़ियों को तैयार किया है, जिन्होंने सार्वजनिक सेवा, शिक्षा और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दिया है।
स्नातक के छात्रों को संबोधित करते हुए संधू ने कहा कि कैंपस के बाहर की दुनिया अक्सर अनिश्चित, लेकिन अवसरों से भरी होती है।
उन्होंने छात्रों से चुनौतियों का सामना करते समय स्वतंत्र सोच अपनाने, ईमानदारी बरतने और धैर्य बनाए रखने का आह्वान किया।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश

Facebook


