उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख में पांच नए जिलों का औपचारिक उद्घाटन किया

उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख में पांच नए जिलों का औपचारिक उद्घाटन किया

उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख में पांच नए जिलों का औपचारिक उद्घाटन किया
Modified Date: April 29, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: April 29, 2026 10:13 pm IST

लेह/जम्मू, 29 अप्रैल (भाषा) उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए जिलों का औपचारिक उद्घाटन किया और नव नियुक्त उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जनता की चिंताओं का समाधान करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

सक्सेना ने पांच नये जिलों के गठन के एक दिन बाद मंगलवार को इन जिलों के लिए उपायुक्तों (डीसी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नियुक्ति को मंजूरी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिन पांच नए जिलों का उद्घाटन किया गया वे चांगथांग, नुब्रा, जांस्कर, शाम और द्रास हैं।

नए जिलों के गठन की अधिसूचना जारी करने की मंजूरी मिलने के दो दिन बाद यह उद्घाटन हुआ है, जो क्षेत्र में विकेंद्रीकृत शासन और प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक बड़ा कदम है।

लद्दाख की जनता को बधाई देते हुए सक्सेना ने कहा कि यह कदम स्थानीय प्रतिनिधियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करता है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘घर की दहलीज पर सरकारी सेवाओं’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

उन्होंने इस निर्णय को एक नई शुरुआत बताया, जिसका उद्देश्य प्रशासन को दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के करीब लाना है।

लद्दाख के विशाल भौगोलिक विस्तार और दुर्गम भूभाग पर प्रकाश डालते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि कई निवासियों को बुनियादी सेवाओं तक के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन नए जिलों के निर्माण से पहुंच में सुधार होगा, सेवा वितरण में तेजी आएगी और प्रशासनिक पहुंच मजबूत होगी।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में