गुरुग्राम में आलीशान सोसाइटी छज्जा का गिरा, निवासियों ने की ढांचे के ऑडिट की मांग

गुरुग्राम में आलीशान सोसाइटी छज्जा का गिरा, निवासियों ने की ढांचे के ऑडिट की मांग

गुरुग्राम में आलीशान सोसाइटी छज्जा का गिरा, निवासियों ने की ढांचे के ऑडिट की मांग
Modified Date: July 9, 2026 / 12:51 pm IST
Published Date: July 9, 2026 12:51 pm IST

गुरुग्राम, नौ जुलाई (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-37डी में एक आलीशान आवासीय परिसर में बृहस्पतिवार सुबह एक फ्लैट के छज्जे का एक हिस्सा ढह गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना इंपीरिया एस्फेरा फेज-2 परिसर के टावर-ई में हुई। निवासियों ने बताया कि जब पहली मंजिल के छज्जे का एक हिस्सा गिरा तो जोरदार आवाज सुनी गई।

एक निवासी ने कहा कि जिस वक्त यह घटना हुई तब लोग नीचे से गुजर रहे थे लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गईं।

अधिकारियों ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और निरीक्षण भी किया गया है।

इस घटना ने निवासियों के बीच डर और आक्रोश पैदा कर दिया है और उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना बिल्डर की लगातार लापरवाही का परिणाम है।

निवासियों ने कहा कि पिछले माह ही उन्होंने बुनियादी सुविधाओं की जर्जर स्थिति के खिलाफ सोसाइटी परिसर के भीतर विरोध प्रदर्शन किया था।

उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वे किसी स्वतंत्र और प्रतिष्ठित तीसरे पक्ष की एजेंसी से पूरी परियोजना का ‘‘संरचनात्मक ऑडिट’’ कराने का आदेश दें।

निवासियों ने यह भी कहा कि जब तक पूरी परियोजना की संरचनात्मक सुरक्षा का सत्यापन नहीं हो जाता, तब तक किसी भी टावर को पूरी तरह से सुरक्षित नहीं माना जा सकता।

सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष हेमंत कुमार ने कहा, ‘‘यह एक बेहद चिंताजनक घटना है। हालांकि फ्लैट खाली था, लेकिन मलबा गिरने से अन्य निवासी घायल हो सकते थे। स्लैब के गिरने से एक खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे पूरे टावर की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। हम पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे और डीटीपी (जिला नगर योजनाकार) विभाग से जांच की मांग करेंगे।’’

भाषा खारी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में