खंडवा (मप्र), सात मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के एक गांव में करीब 90 वर्षीय महिला के साथ चार नकाबपोश व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि महिला को यौन हमले के दौरान लगी चोटों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गई है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता बृहस्पतिवार रात अपने गांव में खेत में बनी झोपड़ी में अकेली थी, तभी चार नकाबपोश लोग वहां पहुंचे और उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक महिला ने घटना के बारे में अगली सुबह दूसरे गांव में रहने वाली अपनी बेटी को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इसके बाद महिला की बेटी उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गई।
खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अस्पताल कर्मियों की सलाह पर महिला और उसकी बेटी ने पुलिस से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (सामूहिक दुष्कर्म) के तहत एक मामला दर्ज किया है।
राय ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है तथा आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीम लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को 10,000 रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
भाषा सं दिमो अमित
अमित