मप्र: सागर में नर्स की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस ने महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
मप्र: सागर में नर्स की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस ने महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
सागर, छह फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत महिला नर्स की एक अज्ञात आरोपी ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय उइके ने बताया कि मृतका की पहचान शाहगढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्टाफ नर्स दीपशिखा चढ़ार के रूप में हुई है।
हालांकि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि घटना बुधवार को उस वक्त हुई, जब नर्स स्वास्थ्य केन्द्र के मुख्य द्वार पर खड़ी थी कि तभी आरोपी ने अचानक उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
उइके ने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल नर्स की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने बताया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि पनागर थाना क्षेत्र में रहने वाला एक रिश्तेदार महिला को परेशान करता था।
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज में मध्यप्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सागर जिले के शाहगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत नर्स दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के खोखले दावों को आईना दिखा दिया है।’’
सिंघार ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई यह ‘जघन्य वारदात’ साबित करती है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रदेश की महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, जो भाजपा सरकार की गंभीर और अक्षम शासन व्यवस्था का परिणाम है।’’
सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मामले को गंभीरता से लेने और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


