मप्र : पटाखा कारखाने में लगी आग में तीन मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया
मप्र : पटाखा कारखाने में लगी आग में तीन मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया
( तस्वीरों सहित )
देवास/ इंदौर, 14 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में बृहस्पतिवार को एक पटाखा कारखाने में धमाके के बाद लगी आग में कम से कम तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अग्निकांड पर शोक जताते हुए जांच का आदेश दिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैंने उप मुख्यमंत्री और देवास जिले के प्रभारी जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच का आदेश भी दिया है।’’
यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी और घायलों का निःशुल्क इलाज किया जाएगा।
जिलाधिकारी ऋतुराज सिंह ने मौके का जायजा लेने के बाद संवाददाताओं को बताया कि टोंक कलां क्षेत्र में पटाखा कारखाने में लगी आग में तीन लोगों की मौत हुई है और करीब 15 घायलों को इंदौर और देवास के अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि कारखाने में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और इस इकाई में अन्य स्थान पर रखे बारूद को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सिंह ने बताया कि अनिल मालवीय नामक व्यक्ति के इस कारखाने में 15 दिन पहले ही छोटे पटाखे बनाने का काम शुरू हुआ था और इस इकाई के नाम लाइसेंस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कारखाने में हुए अग्निकांड को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कारखाने में भीषण विस्फोट हुआ और शवों के टुकड़े दूर जा गिरे।
उन्होंने बताया कि कारखाने का निर्माण कार्य जारी है और वहां अलग-अलग शेड बनाए जा रहे हैं।
अग्निकांड के तत्काल बाद के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर आए हैं जिनमें आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कारखाने से गहरा सफेद धुआं उठते देखा जा सकता है।
वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि विस्फोट के बाद कारखाने में मची चीख-पुकार के बीच कुछ लोग घायलों को उपचार के लिए ले जा रहे हैं और शवों के हिस्से घटनास्थल पर बिखरे हैं।
भाषा हर्ष मनीषा
मनीषा

Facebook


