महाराष्ट्र: बेटे को आत्महत्या करने से रोकने की कोशिश में माता-पिता भी नीचे गिरे, तीनों लोगों की मौत

महाराष्ट्र: बेटे को आत्महत्या करने से रोकने की कोशिश में माता-पिता भी नीचे गिरे, तीनों लोगों की मौत

महाराष्ट्र: बेटे को आत्महत्या करने से रोकने की कोशिश में माता-पिता भी नीचे गिरे, तीनों लोगों की मौत
Modified Date: August 21, 2026 / 06:34 pm IST
Published Date: August 21, 2026 6:34 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, 21 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार अपराह्न मोबाइल फोन को लेकर घरेलू विवाद के बाद पहाड़ी से गिरकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना अपराह्न में वालुज एमआईडीसी थाना क्षेत्र के तिसगांव इलाके में हुई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शहर के झाल्टा फाटा इलाके के निवासी मुरलीधर चांदगुड़े (48), उनकी पत्नी संगीता और उनके 19-वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, घटनाक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न करीब 10 बजे उस समय हुई, जब कुणाल नया मोबाइल फोन लेने की अपनी मांग को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद नाराज होकर पहाड़ी पर चढ़ गया।

उन्होंने बताया कि बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित मुरलीधर और संगीता उसे समझाने एवं घर वापस लाने के लिए पहाड़ी की चोटी तक उसके पीछे गए।

अधिकारियों ने बताया कि विवाद का पता चलने के बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और अग्निशमन के अधिकारी बचाव अभियान में मदद के लिए मौके पर जमा हो गए।

अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे एक सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों की कोशिशें नाकाम हो गईं।

उन्होंने बताया कि अपराह्न करीब एक बजे जब मुरलीधर अपने बेटे को समझाने के लिए उसके करीब पहुंच गए, तब कुणाल पहाड़ी से कूद गया।

अधिकारी ने बताया कि मुरलीधर ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी की चोटी से नीचे गिर गए।

उन्होंने बताया कि अपने पति और बेटे को मौत के करीब जाते देख संगीता ने भी कुछ ही पल बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तीनों शव बरामद कर लिये और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में