बीस साल पुराना मामला सुलझने से महाराष्ट्र को नर्मदा परियोजना से 10 टीएमसी पानी मिलेगा: फडणवीस

बीस साल पुराना मामला सुलझने से महाराष्ट्र को नर्मदा परियोजना से 10 टीएमसी पानी मिलेगा: फडणवीस

बीस साल पुराना मामला सुलझने से महाराष्ट्र को नर्मदा परियोजना से 10 टीएमसी पानी मिलेगा: फडणवीस
Modified Date: July 8, 2026 / 12:38 am IST
Published Date: July 8, 2026 12:38 am IST

मुंबई, सात जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में चार राज्यों की बैठक में, लंबे समय से लंबित अंतरराज्यीय मुद्दे के समाधान के साथ महाराष्ट्र को नर्मदा परियोजना से 10 टीएमसी (करीब 28,316 करोड़ लीटर) पानी मिलेगा।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शाह की अध्यक्षता में नयी दिल्ली में एक बैठक हुई। इसमें फडणवीस और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के अलावा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल भी मौजूद थे।

बयान में फडणवीस ने कहा कि लगभग दो दशक पुराना मुद्दा बैठक में सुलझा लिया गया।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को उसके हिस्से का 10 टीएमसी पानी मिलेगा, इसमें से आधा पानी प्रस्तावित नर्मदा-तापी डायवर्जन योजना से आएगा और शेष पानी मानसून के दौरान उकाई बांध से लिया जाएगा, जब वहां अतिरिक्त पानी उपलब्ध होता है।

फडणवीस ने कहा कि गुजरात इस बात पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गया है कि महाराष्ट्र बारिश के मौसम में उकाई जलाशय से पानी प्राप्त करे, और इस प्रस्ताव को शाह और पाटिल की मंज़ूरी भी मिल गई है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा परियोजना पूरी होने के बाद 10 टीएमसी पानी का हकदार होने के बावजूद, राज्य को अब तक इस परियोजना से सिर्फ बिजली ही मिली है।

इसके अलावा, फडणवीस ने कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा कार्यक्रम के लिए केंद्र से अधिक वित्तीय मदद की मांग की।

भाषा सुभाष गोला

गोला


लेखक के बारे में