बेंगलुरु, सात जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से राज्य और उनके देश के बीच संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की, जिनमें शिक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और एक-दूसरे के यहां आवागमन को सुगम बनाने को लेकर परस्पर सहयोग प्रमुख बिंदु थे।
शिवकुमार ने बताया कि मलेशिया के प्रधानमंत्री ने उन्हें फोन किया और मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर बातचीत का एक छोटा वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘मलेशिया के प्रधानमंत्री से बात करके बहुत प्रसन्नता हुई, जिन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी चर्चा का मुख्य विषय कर्नाटक और मलेशिया के बीच संबंधों को मजबूत करना है, जिनमें विशेष रूप से शिक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और एक-दूसरे के यहां आवागमन सुगम बनाने को लेकर सहयोग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में कई मलेशियाई छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, इसलिए हमारी साझेदारी को और गहरा करने की अपार संभावनाएं हैं।’
सिद्धरमैया के 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद, शिवकुमार ने तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
भाषा शोभना सुरेश
सुरेश