मालदा में अशांति की घटना भाजपा की साजिश, झूठ फैलाना बंद करें प्रधानमंत्री : तृणमूल कांग्रेस
मालदा में अशांति की घटना भाजपा की साजिश, झूठ फैलाना बंद करें प्रधानमंत्री : तृणमूल कांग्रेस
कोलकाता, 5 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में हुई न्यायिक अधिकारियों के घेराव की घटना में शामिल होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर झूठ फैलाने का रविवार को आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मालदा में न्यायिक अधिकारियों का घेराव किये जाने को लेकर पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को भाजपा की प्रचार रणनीति का केंद्र बिंदु बनाते हुए इस घटना को तृणमूल कांग्रेस का ‘‘महा जंगलराज’’ करार दिया। उन्होंने 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा फैलाए गए ‘भय’ और भाजपा के ‘भरोसे’ के बीच सीधा मुकाबला बताया।
तृणमूल के नेता एवं सांसद कीर्ति आजाद ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, ‘‘मोदी जी को झूठ बोलना बंद करना चाहिए… हमने उजागर किया कि मालदा हिंसा में आपकी बी और सी टीम शामिल थीं। पुलिस पर्यवेक्षक से लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता तक – आपने यहां अशांति पैदा करने के लिए अपनी पूरी मशीनरी लगा दी और आज आप उपदेश दे रहे हैं।’’
राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मोदी के आरोपों के बारे में तृणमल नेता एवं राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष ने कहा, ‘‘हमें उस पार्टी से किसी उपदेश की जरूरत नहीं है, जो बलात्कारियों को बचाने और उन्हें माला पहनाने के लिए मशहूर है।’’
तृणमूल के वरिष्ठ नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने प्रधानमंत्री पर बंगाली भाषा के प्रति नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने तृणमूल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चार मई को चुनाव परिणाम आने के बाद गलत काम करने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
मजूमदार ने कहा, ‘‘अब डराने-धमकाने की राजनीति नहीं होगी, न ही अराजकता या कानूनहीनता रहेगी। पश्चिम बंगाल इस बार न्याय, कानून के राज और सुरक्षित भविष्य को देखेगा।’’
भाषा
सिम्मी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


