ममता बनर्जी ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए योजना को अप्रैल से लागू करने की घोषणा की

Ads

ममता बनर्जी ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए योजना को अप्रैल से लागू करने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 06:44 PM IST

कोलकाता, 10 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार एक अप्रैल से ‘युवासाथी’ बेरोजगारी भत्ता योजना शुरू करेगी, जिसे पहले अगस्त से शुरू करने की घोषणा की गई थी।

राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि इस योजना के तहत ‘शिक्षित बेरोजगार युवाओं’ को 1,500 रुपये का मासिक भत्ता मिलेगा।

योजना की शुरुआत की तारीख को पहले करने के फैसले के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, ‘हमने इसे एक अप्रैल से वितरित करना शुरू करने का निर्णय लिया है, क्योंकि वित्तीय वर्ष अप्रैल से शुरू होता है।’

राज्य में तीन महीने से भी कम समय में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमने अपने राज्य के बजट में तीन से चार योजनाओं की घोषणा की थी। ‘युवासाथी’ कार्यक्रम उन लोगों के लिए है, जिन्होंने माध्यमिक (कक्षा 10) की परीक्षा पास की है और जिनकी आयु 21-40 वर्ष है।’

उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के लाभार्थी मौजूदा छात्रवृत्तियों के लिए पात्र बने रहेंगे।

बनर्जी ने कहा, ‘वे किसी भी छात्रवृत्ति- ‘ऐक्यश्री’, ‘मेधाश्री’, ‘शिक्षाश्री’ जैसी स्मार्ट कार्ड योजनाओं और स्वामी विवेकानंद मेरिट एवं छात्रवृत्ति के लिए पात्र होंगे।’

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग छात्रवृत्तियों के अलावा राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ प्राप्त कर रहे हैं, वे ‘युवासाथी’ योजना के पात्र नहीं होंगे।

भाषा

नोमान दिलीप

दिलीप