मुजफ्फरनगर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में पचास हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया

Ads

मुजफ्फरनगर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में पचास हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 09:50 AM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 09:50 AM IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 12 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के हत्या और लूट के 40 मामलों में शामिल 50 हजार रुपये का एक इनामी बदमाश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र के हरखौली गांव के निवासी अमजद (36) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, अमजद के अपने साथियों के साथ क्षेत्र में होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बुढ़ाना थानाक्षेत्र के एक जंगल में घेराबंदी की और इसी दौरान पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया।

एसएसपी कुमार ने यहां पत्रकारों को बताया कि मुठभेड़ के दौरान अमजद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उप निरीक्षक (एसआई) संदीप चौधरी और कांस्टेबल अशफाक समेत दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कुमार के मुताबिक, अमजद को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढाना में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि अमजद हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में लूट और हत्या के 40 मामलों में शामिल था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की।

भाषा सं आनन्द अमित मनीषा

मनीषा