‘रोड रेज’ की घटना में व्यक्ति को कार के बोनट पर घसीटा गया, चालक हिरासत में

Ads

‘रोड रेज’ की घटना में व्यक्ति को कार के बोनट पर घसीटा गया, चालक हिरासत में

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 12:57 AM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 12:57 AM IST

बेंगलुरु, 11 फरवरी (भाषा) शहर के ओल्ड हवाई अड्डा मार्ग पर हुई कथित ‘रोड रेज’ की घटना में एक व्यक्ति को चलती कार के बोनट पर घसीटा गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना कैमरे में दर्ज हो गई। घटना के दृश्य व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद जनता में रोष फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लाल रंग की चलती कार के बोनट पर एक आदमी पड़ा हुआ था।

राहगीरों के अनुसार, पीड़ित चिल्लाते हुए और चालक से रुकने की गुहार लगाते सुना गया, जबकि वाहन व्यस्त सड़क पर लगातार चलता रहा, जिससे कथित तौर पर उसकी और अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ गई।

पुलिस ने बताया कि उसने घटना का संज्ञान लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने घटना का संज्ञान लिया है। इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि जांच के तहत चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

भाषा नेत्रपाल आशीष

आशीष