गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से व्यक्ति और उसकी दो बेटियां नीचे गिरीं

Ads

गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से व्यक्ति और उसकी दो बेटियां नीचे गिरीं

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 09:27 PM IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) दिल्ली के शाहदरा इलाके में सोमवार दोपहर बाइक सवार एक व्यक्ति और उसकी दो बेटियां गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से 20 फुट नीचे गिरने से घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि एक लड़की को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके पिता और बहन की हालत स्थिर बताई जा रही है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अपराह्न 1.45 बजे गीता कॉलोनी थाने के पास गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के लूप पर हुआ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आशीष (35) नाम का व्यक्ति अपनी बेटियों- रूबी (12) और मानसी (11)- के साथ मोटरसाइकिल पर सोनिया विहार से दरियागंज जा रहा था, तभी यह घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि आशीष गांधी नगर होते हुए राजघाट जा रहा था और फ्लाईओवर के लूप पर चढ़ा ही था कि एक मोड़ पर वह मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो बैठा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों फ्लाईओवर से नीचे गिर गए, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि वे कैसे गिरे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

गुलफाम नामक प्रत्यक्षदर्शी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘मैं तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़ा। मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। ऐसा लग रहा था कि उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए। हमने उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की।’’

एक और प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह फ्लाईओवर के पास खड़ा था, तभी उसने ज़ोरदार आवाज सुनी और तुरंत उस जगह पर पहुंचा।

उसने कहा, ‘मैंने देखा कि एक लड़की और उसके पिता नीचे सड़क पर पड़े थे। हमने पुलिस को सूचना दी और आपात सेवाओं के आने तक उनकी मदद करने की कोशिश की।’

पुलिस ने बताया कि पीड़ितों को पहले चाचा नेहरू अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद, मानसी की चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, लड़की के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसके एक पैर की हड्डी टूट गई है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि आशीष और रूबी खतरे से बाहर हैं।

वरिष्ठ अधिकारी, अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी दुर्घटनास्थल का दौरा किया और बारीकी से जांच-पड़ताल की।

अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि क्या तेज रफ्तार, तीव्र मोड़ पर वाहन का संतुलन खोना या कोई अन्य वजह इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार है।

एक सूत्र ने कहा, ‘पहली नज़र में ऐसा लगता है कि मोड़ पर चालक ने शायद गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया होगा। हालांकि, सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।’

मौके पर जांच के दौरान, जांचकर्ताओं को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह पता चले कि मोटरसाइकिल को टक्कर मारी गई थी। हालांकि, पुलिस के एक अन्य सूत्र ने बताया कि कुछ चश्मदीदों ने जांचकर्ताओं को जानकारी दी है कि मोटरसाइकिल को शायद पीछे से टक्कर मारी गई थी।

सूत्र ने कहा, ‘घटनाओं का सही क्रम पता लगाने के लिए हम आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं। टीमें बना दी गई हैं और गहन जांच चल रही है।’

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश